LIVE: चहल ने दिए दो झटके, न्यूजीलैंड का निर्णायक मैच में संघर्ष जारी

0
153
Yuzvendra Chahal of India celebrates the wicket of Colin Munro of New Zealand during the 3rd One Day International match between India and New Zealand held at the Green Park stadium in Kanpur. 29th October 2017 Photo by Vipin Pawar / BCCI / SPORTZPICS

कानपुर। युजवेंद्र चहल ने रविवार को तीसरे और निर्णायक मैच में न्यूजीलैंड को करारा झटका दिया जब उन्होंने जबर्दस्त बल्लेबाजी कर रहे केन विलियम्सन को आउट किया। 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 35 अोवरों में 3 विकेट खोकर 214 रन बनाए। रॉस टेलर 26 और टॉम लाथम 26 रन बनाकर क्रीज पर है। इससे पहले रोहित शर्मा (147) और विराट कोहली (113) के शतकों से भारत ने 6 विकेट पर 337 रन बनाए। इस दौरान विराट ने सबसे तेजी से 9000 वनडे रन पूरे करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया।

ADVT

मुनरो और मार्टिन गप्टिल ने कीवी टीम को तेज शुरुआत दिलाई। अभी गप्टिल 10 रनों पर पहुंचे थे तभी वे जसप्रीत बुमराह की गेंद पर मिडऑफ पर दिनेश कार्तिक को कैच दे बैठे। बुमराह का यह वनडे में 50वां विकेट था। इसके बाद मुनरो ने केन विलियम्सन के साथ शतकीय भागीदारी की। यह साझेदारी खतरनाक हो रही थी तभी चहल ने फ्लाइटेड गेंद पर मुनरो को बोल्ड कर मेहमान टीम को करारा झटका दिया। मुनरो ने 62 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए। उन्होंने और विलियम्सन ने दूसरे विकेट के लिए 109 रन जोड़े।

अब विलियम्सन पर जिम्मेदारी थी, लेकिन वे चहल की गेंद को हवा में खेल बैठे और विकेटकीपर धोनी ने आसान कैच लपका। उन्होंने 64 रन बनाए।

टॉस हारने के बाद रोहित शर्मा और शिखर धवन ने भार को संयमित शुरुआत दिलाई। धवन जब 14 रनों पर थे तब वे साउदी की गेंद पर मिडऑफ पर केन विलियम्सन को आसान कैच दे बैठे। रोहित ने एक छोर संभाले रखते हुए ग्रैंडहोम की गेंद पर 1 रन लेकर फिफ्टी पूरी की। यह अंतरराष्ट्रीय वनडे में उनकी 35वीं फिफ्टी हैं। विराट से उन्हें अच्छा सहयोग मिल रहा था। रोहित ने साउदी की गेंद पर एक रन लेते हुए शतक पूरा किया। यह उनका वनडे में 15वां शतक है।

रोहित ने विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए दोहरी शतकीय भागीदारी की। मिचेल सेंटनर ने रोहित को ‍लांग ऑफ पर साउदी के हाथों झिलवाकर इस भागीदारी को तोड़ा। रोहित ने 138 गेंदों में 18 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 147 रन बनाए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए विराट के साथ 230 रन जोड़े।

विराट ने सेंटनर की गेंद पर एक रन लेते हुए शतक पूरा किया। यह उनका वनडे में 32वां और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवां शतक है। उन्होंने इसके लिए 96 गेंदों का सामना किया। हार्दिक पांड्‍या 8 रन बनाकर सेंटनर के शिकार बने। कोहली 113 रन बनाकर टिम साउदी के शिकार बने। उन्होंने 106 गेंदों का सामना कर 9 चौके और 1 छक्का लगाया। महेंद्रसिंह धोनी ने 25 रन बनाए जबकि केदार जाधव 18 रन बनाकर अंतिम गेंद पर आउट हुए। विराट ने जैसे ही 83 रन बनाए थे, वे सबसे तेजी से 9000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए थे। उन्होंने 194वीं पारी में यह मुकाम हासिल कर उन्होंने एबी डी’विलियर्स (205वीं पारी) का रिकॉर्ड तोड़ा।

दोनों टीमों ने इस मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। कुलदीप यादव को घरेलू मैदान पर खेलने का मौका नहीं मिला। टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सीरीज के साथ आईसीसी रैंकिंग में फिर नंबर वन बनना चाहेगी। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की निगाहें इस सीरीज को जीतकर इतिहास रचने पर रहेगी।

भारत पिछली बार अपने घर में द्विपक्षीय वनडे सीरीज 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हारा था। भारत लगातार छह द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीात चुका है और यदि उसने यह सीरीज जीती तो रिकॉर्ड बन जाएगा।

टीमें –

भारत: रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, महेंद्रसिंह धोनी, हार्दिक पांड्‍या, भुवनेश्वर कुमार, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड: मार्टिन गप्टिल, कोलिन मुनरो, केन विलियम्सन (कप्तान), रॉस टेलर, टॉम लाथम, हैनरी निकोल्स, कोलिन डी ग्रैंडहोम, मिचेल सेंटनर, एडम मिल्ने, ट्रेंट बोल्ट, टिम साउदी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here