कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष का पुतला फूंक जताया विरोध

0
219

Report & Photo – Rishu Singh

ADVT

लखनऊ। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बी.एस. येदियुरप्पा को संविधान की धज्जियां उड़ाते हुए अलोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कराने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का पुतला फूंक कर विरोध जताया। पार्टी मुख्यालय से पूर्र्व मंत्री रणजीत सिंह जूदेव के नेतृत्व में कांग्रेसी हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए हुए विधान भवन की ओर निकले जहां उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड कार्यालय पर ही पुलिस ने कांग्रेसियों को रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसियों की पुलिस से हल्की धक्का-मुक्की और नोंक-झोंक भी हुई, जिसके बाद कांग्रेसियों ने लोकतंत्र हत्यारी भाजपा के नारे लगाते हुए भाजपा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का पुतला फूंक कर विरोध जताया। कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने कहा की केंद्र में भाजपा की सत्ता आने के बाद से पूरे देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। राज्यपाल जैसे पद का दुरुपयोग कर सत्ता हासिल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए राज्यपाल ने भाजपा को आमंत्रित किया वह राज्यपाल को शोभा नहीं देता है। पूर्व में भाजपा गोवा, मणिपुर और मेघालय में भी इसी तरह का कृत्य कर चुकी है, जहां राज्यपाल ने संख्या बल के हिसाब से बड़ी पार्टी कांग्रेस को मौका न देकर भाजपा सरकार बनवाने में अपनी भूमिका निभायी। श्री सिंह ने कहा कि अगर सबसे बड़े दल को ही सरकार बनाने का आमंत्रण देना ही मक़सद है तो हम गोवा में सबसे बड़े दल के रूप में आये थे और कर्णाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन ने बहुमत से ज़्यादा सीटें हासिल की है। दीपक सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या कर सत्ता हासिल करना भाजपा का मक़सद है। हम अपने आंदोलन को रोकेंगे नहीं बल्कि यह आंदोलन अब जारी रहेगा और 2019 में भाजपा को सत्ता से हटा कर लोकतंत्र की बहाली करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का विपक्षियों के खिलाफ अनैतिक इस्तेमाल करने में लगी है और लोकतंत्र का गला घोंट संविधान की धज्जियां उड़ा रही हैं। कर्नाटक में हुए घटनाक्रम के विरोध में आयोजित पुतला दहन में कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व मंत्री राजबहादुर, पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह, सतीश अजमानी, डॉ. आर.पी. त्रिपाठी, बोधलाल शुक्ला एडवोकेट, अनुसुइया शर्मा, वीरेंद्र मदान, अनीस अंसारी, जीशान हैदर, अंजुम खान, अरशी रजा, मेहदी हसन, मुकेश सिंह चौहान, अमित श्रीवास्तव, परवीन खान, दिलप्रीत सिंह, मोहम्मद नासिर सहित अन्य कांग्रेसी शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here