पुणे| भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पुणे में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पारी और 137 रनों से मात देकर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है. इसी के साथ ही भारत ने टेस्ट सीरीज अपने नाम कर ली है और फ्रीडम ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है. सीरीज का एक मैच खेला जाना बाकी है. रांची में 19 अक्टूबर से तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच खेला जाएगा. पुणे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 601 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी. जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 275 रनों पर समेट दिया.
पहली पारी के आधार पर भारत को 326 रनों की बढ़त मिली. अफ्रीकी टीम फॉलोऑन नहीं बचा पाई, जिसके बाद उन्हें फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ा. फॉलोऑन मिलने के बाद दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका 189 रनों पर ढेर हो गई. पारी के लिहाज से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह सबसे बड़ी जीत है. भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पिछली बार 2008 में पारी और 90 रन से हराया था. साथ ही टीम इंडिया की घरेलू मैदान पर ये लगातार 11वीं सीरीज जीत है. पिछली बार उसे 2012 में इंग्लैंड ने हराया था.
भारत के लिए दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा और उमेश यादव ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि रविचंद्रन अश्विन को दो सफलताएं मिलीं. मोहम्मद शमी और ईशांत शर्मा ने एक-एक विकेट झटके. दूसरी पारी में अफ्रीका के लिए डीन एल्गर ने सबसे अधिक 48 रन बनाए, जबकि टेम्बा बावूमा ने 38 तथा वर्नोन फिलैंडर ने 37 रनों की पारी खेली.
यह पहला मौका था जब भारत ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन कराया है. पहली पारी में नाबाद 254 रन बनाने में वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया. इस जीत से भारत को 40 अंक मिले है और वह आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप की तालिका में 200 अंकों के साथ शीर्ष पर मौजूद है.
भारत ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑन देने का फैसला किया. कप्तान विराट कोहली के इस फैसले को भारतीय गेंदबाजों ने सही साबित किया. सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए और 21 रन के कुल स्कोर पर थ्यूनिस डि ब्रूइन (8) के रूप में दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका लगा. मार्करम को ईशांत शर्मा और डि ब्रूइन को उमेश यादव ने पवेलियन की राह दिखाई.
इसके बाद, कप्तान फाफ डु प्लेसिस और डीन एल्गर के बीच तीसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी हुई. डु प्लेसिस (5) को आउट करके रविचंद्रन अश्विन ने इस साझेदारी को तोड़ा. उन्होंने एल्गर को 48 के निजी स्कोर पर आउट करके मेहमान टीम को चौथा झटका दिया.


















