पुणे। भारत और न्यूजीलैंड के तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच आज पुणे में दोपहर 1 बजकर 30 मिनट से खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम को 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब दूसरे मैच को भारतीय टीम हर हाल में जीत दर्ज करने मैदान में उतरेगी। दरअसल सीरज में बने रहने के लिए भारत को ये मैच हर हाल में जीतना होगा नहीं तो भारत सीरीज गंवा देगा। पहले मैच में विराट कोहली के रिकॉर्ड शतक के बावजूद भारत हार गया। विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया को केन विलियमसन की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड को हल्के में लेना भारी पड़ गया।
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जबकि भारतीय टीम में कुलदीप यादव की जगह अक्षर पटेल को शामिल किया गया है।
दूसरा वनडे शुरू होने से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पुणे स्टेडियम का पिच क्यूरेटर एक स्टिंग ऑपरेशन में फंस गया है, जिसमें खुलासा हुआ है कि वो पैसों के लिए पिच में छेड़छाड़ को तैयार हो गया था। इंडिया टुडे की खबरों की मानें तो उनके रिपोर्टर बुकी के तौर पर पिच क्यूरेटर पांडुरंग सालगांवकर से मिले और उसे पैसों के बदले पिच बदलने को कहा गया जिसके लिए क्यूरेटर सालगांवकर तैयार भी हो गया। स्टिंग ऑपरेशन के बाद बीसीसीआई ने पिच क्यूरेटर को सस्पेंड कर दिया है।
भारत (संभावित प्लेइंग इलेवन):- रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, मनीष पांडे/केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, एम एस धोनी, हार्दिक पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड (संभावित प्लेइंग इलेवन):- मार्टिन गप्टिल, कॉलिन मुनरो, केन विलियमसन, रॉस टेलर, टॉम लैथम, हेनरी निकोलस/ ग्लेन फिलिप्स, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, मिचेल सैंटनर, एडम मिलने, ट्रेंट बोल्ट, टिम साऊदी।


















