भारत और जापान दोनों एक-दूसरे की जरूरत बन गए हैं

0
297

भारत-जापान के मध्य 12वां वार्षिक शिखर सम्मेलन बेहद अहम रहा, क्योंकि इसमें दोनों देशों ने एशिया और एशिया के बाहर अपने रणनीतिक सहयोग बढ़ाने की बात कही। देखा जाए तो आज दोनों देशों का एक-दूसरे के करीब आना मजबूरी भी है। दूसरे शब्दों में कहें तो दोनों एक-दूसरे की जरूरत बन गए हैं। जापानी प्रधानमंत्री भारत के साथ रिश्तों को और अधिक मजबूत करने के लिए इसलिए भी काफी उत्सुक हैं, क्योंकि उनके देश को चीन और उत्तर कोरिया से खतरा है। शायद इसीलिए भी इसे हर तरह की मदद मुहैया करा रहे हैं। उधर भारत को भी चीन से खतरा है और इसे अपने विकास के जरूरी संसाधन और तकनीकी की दरकार है। ये दोनों चीजें इसे जापान दे सकता है। ऐसे में भारत भी उससे नजदीकी बढ़ा रहा है।

ADVT

आज जापान मंदी की चपेट में है। वहां निवेश फायदेमंद नहीं है। एक और बात वहां लोग अपना पैसा बैंकों में भी नहीं रख पा रहे हैं, क्योंकि ब्याज दर नकारात्मक है। ऐसा करने पर उल्टे उन्हें बैंकों को पैसा देना पड़ता है। ऐसे में वहां के निवेशक ऐसे देश की तलाश में हैं जहां निवेश के अच्छे अवसर मौजूद हों। उन्हें इसके लिए भारत मुफीद लग रहा है। बुलेट टेन की तकनीक और कर्ज देकर उसने भारत पर कोई उपकार नहीं किया है, बल्कि ऐसा कर वह चीन को मात देना चाहता है।

जाहिर है जापानी प्रधानमंत्री का यह कहना कि ताकतवर जापान भारत के हित में है और ताकतवर भारत जापान के हित में है, इसके मायने स्पष्ट रूप से समझे जा सकते हैं। इससे स्पष्ट है कि दोनों देशों की एक-दूसरे पर निर्भरता भविष्य में और बढ़गी। जापान ने डोकलाम पर भारत के रुख का सर्मथन किया। दरअसल डोकलाम सिक्किम, तिब्बत और भूटान के तिराहे पर स्थित वह स्थान है जहां पर चीन सड़क का निर्माण करना चाह रहा था, लेकिन मजे की यह थी कि डोकलाम भूटान का भूभाग है। यहां जापान ने भारत का साथ इसलिए दिया, क्योंकि दक्षिण चीन सागर विवाद में पूर्व में भारत उसका साथ दे चुका है। यदि डोकलाम पर वह भारत का साथ नहीं देता तो भविष्य में एक सशक्त आवाज खो देता।

वैसे भी दक्षिण चीन सागर विश्व समुदाय के समक्ष ज्वलंत मुद्दा चीन की नीतियों के कारण ही बना हुआ है। इसी कारण भारत और जापान उस पर एक रुख रखे हुए हैं। चूंकि दक्षिण चीन सागर प्रमुख वैश्विक व्यापारिक मार्गो में से एक है ऐसे में भारत और जापान निर्बाध नौवहन की स्वतंत्रता की वकालत करते रहे हैं। वर्तमान में चीन एशिया में अपना दबदबा बढ़ाने में लगा हुआ है। एशिया में शांति स्थापित करने के लिए चीन को रोकना आवश्यक है। इस क्षेत्र में चीन का एकतरफा अत्यधिक ताकतवर होना एशियाई देशों के हित में नहीं होगा। इस प्रकार चीन कारक भी जापान और भारत को एक साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हाल के दिनों में उत्तर कोरिया ने कई परमाणु परीक्षण किए हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here