नई दिल्ली: एयर इंडिया अगले हफ्ते भारत से यूक्रेन के बीच तीन उड़ानें शुरू हो जाएँगी। विमानन कंपनी के मुताबिक़ ये उड़ानें 22, 24 और 26 फरवरी को यूक्रेन रवाना होंगी। रूस ने नौसेना अभ्यास के लिए काला सागर में युद्धपोत भेजने के साथ यूक्रेन से सटी सीमा पर लगभग एक लाख सैनिक तैनात कर रखे हैं। इस कारण यूक्रेन पर रूस के संभावित हमले को लेकर नाटो देशों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
एयर इंडिया द्वारा ट्विटर पर जानकारी दी गई है कि भारत और यूक्रेन के बॉरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के बीच 22, 24 और 26 फरवरी को तीन उड़ानें संचालित होंगी। कंपनी ने आगे लिखा, ‘एअर इंडिया के बुकिंग कार्यालयों, वेबसाइट, कॉल सेंटर और अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से बुकिंग शुरू कर दी गई है।’
यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने पूर्वी यूरोपीय देश में भारतीयों की मदद के लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन भी स्थापित की है। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को विदेश मंत्रालय ने जरूरी सूचना एवं मदद उपलब्ध कराने के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया था। रूस यूक्रेन पर हमले की किसी भी योजना से लगातार इनकार करता आ रहा है।


















