यूपी दिवस पर करीब 25 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। ये परियोजनाएं 44 विभिन्न विभागों की हैं। राजधानी के अवध शिल्प ग्राम में शुरू होने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ 24 जनवरी को होगा जो 26 जनवरी तक चलेगा।
मुख्य सचिव राजीव कुमार ने शास्त्री भवन में हुई तैयारी बैठक में बताया कि हर जिले में प्रभारी मंत्री 25 जनवरी को परियोजनाओं से संबंधित शिलापट लगाएंगे। कार्यक्रम में 11 हजार 506 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और 12 हजार 950 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण होगा।
इसमें उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाईक हिस्सा लेंगे। उन्होंने कार्यक्रम में सम्मानित होने वालों की सूची शीघ्र भेजने के निर्देश दिए हैं। 25 जनवरी को किसानों को सीएम सम्मानित करेंगे।
किसानों के लिए ‘बाजार मूल्य की खोज’ वेबसाइट का शुभारंभ भी होगा। इसी दिन चकबंदी विभाग की वेबसाइट और चकबंदी वादों के कंप्यूटरीकृत प्रबंधन प्रणाली को भी लॉन्च किया जाएगा। 26 जनवरी को समापन कार्यक्रम में 33 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जायेगा। साथ ही राज्य निर्यात, उद्यमी व हस्तशिल्प पुरस्कारों को वितरित कराने के साथ ही यूपी की महान विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा।


















