यूपी के बुलंदशहर में एक बार फिर हत्या कर शव को जमीन ने गाड़ने का मामला सामने आया है. युवक की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई. आरोपी हत्या करके शव को तालाब के पास जमीन में गाड़ कर फरार हो गया. पुलिस ने जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है. युवक कल रात को घर से लापता हुआ था.
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना बुलंदशहर के खानपुर थाना क्षेत्र गुरावली की है. यहां रहने वाले मृतक रोशन, गांव के ही निवासी राशिद का अपनी गली में आने पर विरोध करता था. मृतक के परिजनों की मानें तो आरोपी राशिद के मृतक रोशन की पड़ोस में रहने वाली एक महिला से अवैध संबंध थे. जिसका विरोध मृतक रोशन करता था. लेकिन आरोपी को मृतक की ये बात इतनी नागवार गुज़री कि उसने ना सिर्फ रोशन की हत्या की साजिश रची बल्कि अपने ज़ुर्म को छुपाने के लिए शव को गांव के तालाब के पास गाड़ दिया.
मृतक के भतीजे कृष्णा ने बताया कि रोशन कल रात को घर से लापता हुआ था. घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस दी. जबकि गांव वाले भी मृतक की लगातार तलाश कर रहे थे. गांववालों को तलाश के दौरान तालाब के निकट रोशन की घड़ी और कुछ सामान मिला. जिसके बाद गांववालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर मौक पर पहुंची पुलिस ने जब खुदाई कराई तो रोशन का शव ज़मीन में गड़ा मिला.


















