आगरा में ताज हेरिटेज वॉक और वाईफाई सहित अन्य सुविधायें शुरु

0
366

आगरा,उत्तर प्रदेश की ताज नगरी आगरा में बुधवार से फ्री वाईफाई और हैरिजेट वॉक सहित स्मार्ट सिटी की तमाम स्मार्ट सुविधाओं की शुरुआत हो गयी है।

ADVT

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार काे इन सुविधाओं की वर्चुअल शुरुआत की। इसके अंतर्गत ताजमहल के निकट हेरिटेज वॉक स्थल का उद्घाटन किया गया। साथ ही शहर के दस चौराहों पर फ्री वाई-फाई की सुविधा भी शुरू हाे गयी है। जबकि शहर को प्रदूषण से मुक्त कराने के लिये योगी ने नगर निगम की कूड़ा निस्तारण योजना के तहत कुबेरपुर लैंडफिल साइट पर कूड़े से बिजली बनाने वाले 15 मेगावाट के संयंत्र का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा आगरा में आज से सिटी बस सेवा के लिए पांच इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की भी शुरुआत हो गयी।

आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के तहत करीब सौ बसों का संचालन दाेनों शहरों के बीच किया जाना है। पहले चरण में शुरु की गयी पांच ई बसें आगरा और मथुरा को जोड़ेंगी। इसके अलावा आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ताजमहल के पूर्वी गेट से दक्षिणी गेट होते हुए पश्चिमी गेट तक तीन करोड़ रुपये की लागत से हेरिटेज वॉक स्थल बनाया गया है।

नगर आयुक्‍त न‍िख‍िल टीकाराम फुंडे ने बताया क‍ि हेरिटेज वॉक में लोग ताजमहल के आसपास चहल कदमी करते समय सैलानी आगरा के लजीज व्यंजनाें का स्वाद भी लेते हुये यहां के इतिहास, व्यवसाय, और परंपराओं को नजदीक से जान सकेंगे। इसकी झलक जीवंत चित्रण से उकेरी गई है। ताज हेरिटेज वॉक की लंबाई तीन किमी किमी है।

इसके अलावा शहर के दस प्रमुख चौराहों पर उपलब्ध करायी गयी फ्री वाई फाई सेवा का लाभ कोई व्यक्ति रोजाना आधा घंटे तक ले सकेगा। अधिक समय सुविधा चाहने वालों को भुगतान करना होगा। नगर आयुक्‍त ने बताया क‍ि जिन दस चौराहों पर यह सेवा शुरु हुयी है उनमें ताजमहल, सदर बाजार, बिजलीघर चौराहा, वाटरवर्क्स चौराहा, भगवान टाकीज चौराहा, संजय प्लेस, टीपी नगर, शाहगंज, कमलानगर शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि वाईफाई हॉट स्पॉट का दायरा 100 मीटर का होगा। हर 500 मीटर पर लोगों को एक वाईफाई कनेक्शन मिलेगा। प्रत्येक व्यक्ति हर महीने 15 जीबी डेटा इस्तेमाल कर सकेगा। प्रतिदिन अधिकतम 1.5 जीबी डेटा मुफ्त मिलेगा। इसकी स्पीड 50 से 200 एमबीपीएस की होगी। एक हॉट स्पॉट पर 250 से 400 लोग इंटरनेट से कनेक्ट हो सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here