नई दिल्ली: इसरो यानी भारतीय अंतरिक्ष और अनुसंधान संगठन इस साल अगस्त में चंद्रयान-3 को लॉन्च करेगा। इसरो चंद्रयान-2 मिशन के करीब 2 साल बाद अगस्त 2022 में इसे लांच करेगा।
केंद्र सरकार ने राज्यसभा में जानकारी दी कि चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण 2022-23 की दूसरी तिमाही में होने की संभावना है। उच्च सदन में एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेन्द्र सिंह ने यह जानकारी दी।
इसरो ने इससे पहले चंद्रयान-2 लांच किया था मगर इस मिशन को पूरी तरह सफलता नहीं मिल पाई थी। यान का लैंडर और रोवर अपने गंतव्य से दूरी पर क्रैश हो गया था। इस यान का ऑर्बिटर अब भी चंद्रमा की सतह के ऊपर है। चंद्रयान -3 को पिछले चंद्रयान -2 मिशन के करीब दो सालों बाद लांच किया जा रहा है।
प्रौद्योगिकी मंत्री ने बताया – ‘‘चंद्रयान-3 मिशन प्राप्ति के अग्रिम चरण में है। नोडन मॉड्यूल और रोवर मॉड्यूल दोनों के सभी प्रणालियों को प्राप्त एवं एकीकृत किया गया है और उनका परीक्षण किया गया है। लैंडर मॉड्यूल के अधिकांश प्रणालियों को साकार किया गया है और उनके परीक्षण प्रगति पर हैं।’’
एक अन्य सवाल के जवाब में प्रौद्योगिकी मंत्री ने बताया कि लैंडर पर एकीकृत संवेदकों और नौवहन संबंधी कार्य निष्पादन परीक्षण पूरे कर लिए गए हैं साथ ही बाक़ी परीक्षण प्रगति पर हैं।
चंद्रयान -3 में हो रही देरी के सवाल पर जवाब देते हुए केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी के कारण कई मिशन में देरी हुई है। अंतरिक्ष क्षेत्र के मामले में हुए सुधारों और मांग-संचालित मॉडल के अनुसार यह परियोजनाएं अब भी प्राथमिकता में हैं।


















