नई दिल्ली। ऑयल एंड नैचुरल गैस (ओएनजीसी) ने भारत सरकार की हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की 51.11 फीसदी स्टेक का अधिग्रहण किया है। यह अधिग्रहण डील 36,915 करोड़ रुपए का है। इस संबंध में ओएनजीसी की ओर से जानकारी दी गई।
अधिग्रहण जनवरी के अंत तक पूरा
कंपनी की ओर से की गई फाइलिंग में बताया गया कि ओएनजसी 474 रुपए प्रति शेयर के भाव पर एचपीसीएल में 51.11 फीसदी हिस्सा खरीदेगी। ये अधिग्रहण जनवरी के अंत तक पूरा होगा । बता दें कि शुक्रवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में ओएनजीसी का शेयर 0.23 फीसदी की गिरावट के साथ 193.60 रुपए पर बंद हुआ। वहीं एचपीसीएल के शेयर में 1.34 फीसदी की तेजी रही और शेयर प्राइस 416.55 रुपए पर बंद हुआ।
दोनों कंपनियों के बारे में
ओएनजीसी देश के विभिन्न हिस्सों में कच्चा तेल और नेचुरल गैस निकालती है, वहीं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कच्चे तेल से पेट्रोल-डीजल तैयार करती है और करीब 15 हजार पेट्रोल पंप के जरिए बेचती है। साथ ही हिंदुस्तान पेट्रोलियम रसोई गैस और हवाई ईंधन के अलावा दूसरे पेट्रोलियम उत्पादों की भी रिटेल बिक्री करती है।


















