नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को भारी स्मॉग के कारण एयर लॉक की स्थिति पैदा हो सकती है। कुछ दिन पहले मौसम विभाग ने भी चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि 7 नवंबर के दिन स्मॉग बाकी दिनों से ज्यादा हो सकता है। इस स्थिति की जिम्मेदार हवा का धीमी गति से चलना है जिसके कारण प्रदूषित कण वातावरण में प्रवाह नहीं कर पा रहे हैं।
धीमी गति से चल रही है हवा
दिल्ली-एनसीआर में ठंग शुरू होते ही स्मॉग की चादर बिछ गई है। दिल्लीवालों को इस स्मॉग के कारण न केवल सांस लेने में परेशानी हो रही है, बल्कि विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। इन भारी स्मॉग का कारण हवा का 2-3 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलना है। धीमी गति से चलने के कारण प्रदूषित कण प्रवाह नहीं कर पाएंगे और नमी की वजह से स्मॉग में बदल जाएंगे।
पहले ही लागू हो चुका है ग्रेडेड एक्शन प्लान
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवा कुछ दिनों तक धीमी रफ्तार से चलेगी जिसके कारण स्मॉग बढ़ सकता है। दिल्ली में दिवाली के बाद से ही वायु का स्तर गिरता जा रहा है। शादियों का सीजन सिर पर होने के कारण दिवाली से पहले ही एनसीआर में तीसरे चरण का प्रावधान ग्रेडेड एक्शन प्लान लागू किया जा चुका है। इससे डीजल चलित जेनरेटर, जिग जैग तकनीक नहीं अपनाने वाले ईंट-भट्टे और बदरपुर थर्मल पावर स्टेशन बंद कर दिए जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट के बैन का नहीं पड़ा कोई असर
दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण के स्तर के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के पटाखों के बैन के बावजूद कोई असर देखने को नहीं मिला।प्रदूषण के कारण लोग घर से मास्क पहन कर निकल रहे हैं। बच्चे और ऑफिस जाते लोगों को प्रदूषण के कारण सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।


















