आगरा। स्विट्जरलैंड के लॉसेन शहर से आए कपल के साथ फतेहपुरी सीकरी में मारपीट के मामले को लेकर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि राज्य में अपराध और लूट हर रोज बढ़ रहे हैं। विदेश से आए लोग पीटे जा रहे हैं अब कोई बताए कि एंटी रोमिया स्क्वायड को क्या हुआ? वहीं विदेश मंत्री सुषमा ने भी मामले की जानकारी ली है। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने अस्पताल में जाकर पीड़ित जोड़े से मुलाकात की है। मामले पर पर्यटन मंत्री ने भी संज्ञान लिया है और इस मामले में यूपी सरकार को लिखा है। स्विट्जरलैंड एंबेसी ने भी मामले की जानकारी लेते हुए प्रेमी जोड़े की मदद की बात कही है।
भारत घूमने आए स्विटजरलैंड के जोड़े ने बताया है कि कुछ लड़कों ने पत्थर और डंडों से हमला किया, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गए। जिसके बाद ये लोग वहां से फरार हो गए। क्विंटिन जेर्मी क्लेर्क जिनकी उम्र 24 वर्ष है, अपनी प्रेमिका मैरी ड्रोज के साथ 30 सितंबर को भारत आए थे। जेर्मी ने बताया कि लड़के हमे फतेहपुर रेलवे स्टेशन के पास परेशान करने लगे, पहले इन लोगों ने हम पर फब्तियां कसी, जिसे हम समझ नहीं सके, फिर इन लोगों ने हमे जबरन रोका ताकि हमारे साथ सेल्फी ले सके। इससे इंकार किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
इस माारपीट में लोगों ने क्लेर्क के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं इनका इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि जर्मी के कान के पास चोट लगी है, जिसकी वजह से उसे सुनने में दिक्कत हो रही है, जबकि ड्रोज को काफी चोटे आई हैं, उनका हाथ टूट गई है। क्लेर्क और ड्रोज ने बताया कि हम सड़क पर चोटिल पड़े थे, उस वक्त वहां से गुजर रहे लोग हमारा वीडियो बना रहे थे और तस्वीरें ले रहे थे। वहीं स्थानीय पुलिस ने प्रेमी जोड़े को ही मामले के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया और कहा कि हमले की वजह इन लोगों के आपस में किस करना हो सकती है, जिसके चलते उन पर हमला हुआ। वहीं मैरी ने इस बात से इनकार किया है कि वह लोग एक दूसरे को किस कर रहे थे।


















