यूक्रेन की मदद के लिए पैसे जुटाने के लिए एसी मिलान क्लब ने बेहद ख़ास शुरुआत की है। यूक्रेन के स्टार फुटबॉलर आंद्रेई शेवचेंको की अपने देशवासियों के लिए फंड जमा करने की अपील की है। इसके लिए क्लब ने फैसला किया है कि क्लब की जर्सी बेचकर यूक्रेन की मदद के लिए पैसा जमा किया जायेगा।
2002-03 चैंपियंस लीग जीतने वाली क्लब की जर्सी पर शेवचेंकों की उपस्थिति में यूक्रेन का झंडा बनाया गया है। जर्सी को बेचकर मिलने वाले पैसे से यूक्रेन की मदद की जाएगी।
क्लब ने इस जर्सी पर यूक्रेन का झंडा बनाकर शांति की अपील की है। क्लब ने इस जर्सी की कीमत 42 सौ रुपये रखी है। जर्सी से जमा की जाने वाली राशि को रेडक्रास के जरिए युद्ध पीड़ित यूक्रेनी लोगों की मदद के लिए इस्तेमाल किया जायेगा। फुटबॉल प्रेमी अपने इस हीरो की जर्सी को हाथों-हाथ लेरहे हैं।
यूरो-2020 में यूक्रेन टीम के कोच रहे शेवचेंकों अपने परिवार के साथ लंदन में रह रहे हैं। शेवचेंकों के माता-पिता और बाक़ी रिश्तेदार यूक्रेन में ही हैं। शेवचेंकों ने हाल ही में वीडियो संदेश के जरिए रोते हुए इटलीवासियों से रूसी हमले में जख्मी हो रहे उनके देशवासियों की मदद की अपील की थी। हालांकि उन्होंने अपने माता-पिता को अपने पास बुलाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उनके देश की हालत बद से बदतर हो गई है। इटली उनके दूसरे घर जैसा है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि इटलीवासी उनके देशवासियों की मदद केलिए आगे आएंगे।
एसी मिलान के लिए 296 मैचों में 173 गोल करने वाले यूक्रेनी स्ट्राइकर इटली में भी बहुत लोकप्रिय है। उनके संदेश के बाद उनके क्लब रहे एसी मिलान ने शेवचेंकों और उनके साथियों की जर्सी को यूक्रेनवासियों को समर्पित करने का फैसला किया। शेवचेंकों ने 2004 में प्रतिष्ठित बैलन डि ओर खिताब भी जीता। उन्होंने 2006 में मिलान छोड़कर चेल्सी के लिए खेलना शुरू कर दिया था।


















