भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच सेंचुरियन में खेला गया। इसमें दक्षिण अफ्रीका ने 135 रन से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका की तरफ से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए लुंगी एन्गिडी ने दूसरी पारी में 6 विकेट झटके।
भारत की दूसरी पारी
केपटाउन टेस्ट मैच की तरह इस मैच में भी भारतीय बल्लेबाज रन बनाने में असफल रहे। दूसरी पारी में मुरली विजय और लोकेश राहुल ओपनिंग करने आए। इस दौरान मुरली 9 रन बनाकर कगीसो रबाडा की गेंद पर आउट हुए। वहीं राहुल 4 रन बनाकर एन्गिडी की गेंद पर चलते बने। इसके बाद कप्तान विराट कोहली 5 रन बनाकर एन्गिडी की गेंद पर आउट हुए। वहीं चेतेश्वर पुजारा 19 रन बनाकर रन आउट हुए। विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल 19 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी
लुंगी एन्गिडी ने इस मैच से अपना इंटरनेशनल टेस्ट करियर शुरू किया। इस मैच में उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। उन्होंने 12.2 ओवर में 39 रन देकर 6 विकेट लिये हैं। इस दौरान उन्होंने 3 मेडन ओवर भी फेंके। युवा गेंदबाज कगीसो रबाडा ने खतरनाक गेंदबाजी की। उन्होंने 14 ओवर में 47 रन देकर 23 विकेट चटकाये। इस दौरान रबाडा ने 3 मेडन ओवर भी फेंके। फिलेंडर, मॉर्ने मॉर्कल और केशव महराजा को कोई सफलता हाथ नहीं लगी।


















