केके कोलकाता के ऑडिटोरियम में परफॉर्म कर रहे थे जब उन्होंने गर्मी की शिकायत की थी। अर्जुन कानूनगो उस ऑडिटोरियम में परफॉर्म कर चुके हैं। उन्होंने खुलासा किया कि वहां पर वह भी सांस नहीं ले पा रहे थे।
बॉलीवुड के मशहूर गायक केके ने 31 मई 2022 को दुनिया को अलविदा कह दिया। वह उस दिन कोलकाता के नजरूल मंच पर परफॉर्मेंस दे रहे थे। स्टेज पर गाने के दौरान ही उन्हें बेचैनी होने लगी। वह वहां से तुरंत होटल पहुंचे। बताया जा रहा है कि लाइव शो के बाद केके बेहोश होकर गिर पड़े थे। केके की मौत के बाद नजरूल मंच पर हुए कॉन्सर्ट को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। केके के वीडियोज भी वायरल हुए जब उन्होंने एसी नहीं चलने की शिकायत की और वह बार-बार पसीना पोछ रहे थे। सिंगर-कंपोजर अर्जुन कानूनगो (Arjun Kanungo) ने कोलकाता के उस ऑडिटोरियम में अव्यवस्था का जिक्र किया।
अर्जुन ने बताई आपबीती
अर्जुन ने बताया कि उन्होंने भी एक बार उस ऑडिटोरियम में परफॉर्म किया था उन्होंने भी कुछ वैसा ही महसूस किया। वह सांस नहीं ले पा रहे थे। वहां गर्मी बहुत थी और एसी चल नहीं रहा था। अर्जुन ने बताया कि उस पुराने ऑडिटोरियम की देखरेख सही तरीके से नहीं की जाती।
‘बंद कर देना चाहिए था शो’
हमारे सहयोगी हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए अर्जुन कहते हैं, ‘मैंने सुना कि ऑडिटोरियम बहुत गर्म था। मैंने भी पहले उस ऑडिटोरियम में शोज किए हैं और मुझे भी ऐसा ही अनुभव हुआ था… मैं सांस नहीं ले पा रहा था। वहां बहुत गर्मी थी। गर्मी इतनी थी कि एसी काम नहीं कर रहा था। इन पुराने ऑडिटोरियम का रखरखाव ठीक से नहीं किया जाता। वहां बहुत समस्याएं हैं। ऑडिटोरियम बेहतर होना चाहिए था। मुझे नहीं पता कि क्या उन्हें (मैनेजमेंट) इस बारे में पता था। अगर उन्हें पता था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और उन्होंने कुछ कहा तो उन्हें शो बंद कर देना चहिए था। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। यह केवल एक शो है।‘
आशा भोसले के साथ हुई घटना का खुलासा
अर्जुन ने आशा भोसले के साथ हुई एक घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया, ‘हम ऑकलैंड (टूर के सिलसिले में) में थे। मैं आशा जी के ठीक बगल में खड़ा था क्योंकि मैं उनके साथ गा रहा था। एक बार वह शो के बीच में मेरे पास आईं और बोलीं, मेरे सीने में दर्द हो रहा है। वह उस वक्त 77 साल की थीं। मैं परेशान हो गया। मैं 19 साल का बच्चा था मेरे साथ स्थिति ऐसी थी कि इसे कैसे डील करूं। मैं नीचे भागा और मैनेजर को बुलाया। उन्होंने शो को 5 मिनट के लिए रोक दिया। प्रोफेशनल होने के नाते उन्होंने अपना गाना खत्म किया। वहां डॉक्टर थे। उन्होंने उनकी जांच की और फिर उन्हें वापस भेज दिया। वे (आयोजक) इसके लिए तैयार थे।
आयोजकों को उठाना चाहिए कदम
‘जब हम कोई शूट करते हैं तो हर कॉल शीट में पास के अस्पताल और पुलिस स्टेशन का विवरण साथ आता है। आयोजकों को यह पता लगाने की जरूरत होती है कि पास का अस्पताल कहां है। अगर आयोजकों को पता है कि आर्टिस्ट की तबीयत ठीक नहीं है तो उन्हें एक्शन लेने की जरूरत है।‘
 
			



