पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना विश्वविद्यालय के शताब्दी दिवस समारोह में भाग लेने के बाद पटना म्यूजियम पहुंचे हैं, जहां सीएम नीतीश कुमार भी मौजूद हैं। नीतीश कुमार ने पीएम मोदी से म्यूजियम देखने का आग्रह किया था जिसके बाद पीएम म्यूजियम पहुंचे। पीएम मोदी ने म्यूजियम में रखी एक-एक चीजों की जानकारी ली। इसके बाद पीएम मोदी मोकामा पहुंच रहे हैं, जहां वे विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मोकामा में पीएम का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, मंच पर नेतागण पहुंच गए हैं। सभा स्थल से मोदी-मोदी के नारे लगाए जा रहे हैं, लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। इससे पहले पीएम ने पटना विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह को संबोधित किया था।
आज सुबह दस बजकर चालीस मिनट पर पीएम मोदी दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां सीएम नीतीश ने उन्हें लाल गुलाब का फूल देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम ने भी लाल गुलाब लेकर अपनी खुशी जाहिर की और हाथ में लाल गुलाब थामे ही अन्य लोगों से भी बारी-बारी से मिले।
पीएम की अगुवाई के लिए बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, सीएम नीतीश कुमार के साथ ही केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन भी पीएम के स्वागत के लिए पटना एयरपोर्ट पहुंचे थे।
उनके साथ ही कई गणमान्य लोग भी पीएम के स्वागत के लिए पटना एयरपोर्ट पहुंचे। पीएम ने सबसे मुलाकात की और अब वे पटना एयरपोर्ट से सीधे पटना विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में भाग लेने के लिए पटना साइंस कॉलेज में आयोजित सभा स्थल पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी के पहुंचने के साथ ही सभा स्थल पर मोदी-मोदी के नारे गूंजते रहे। मंच पर पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया, मंच पर मौजूद सभी लोगों से पीएम मोदी ने हाथ मिलाया। मंच पर पीएम मोदी ने बीच में स्थान ग्रहण किया। उनकी एक ओर सीएम तो दूसरी ओर राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने स्थान ग्रहण किया। उसके बाद पीयू का गान प्रस्तुत किया गया।


















