नवरात्रि के पहले दिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर तथा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इलाहाबाद के फूलपुर से सांसद हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केशव प्रसाद मौर्य नई दिल्ली में हैं। आज सीएम योगी आदित्यनाथ और केशव मौर्य संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। योगी आदित्यनाथ के साथ ही केशव प्रसाद ने 18 सितम्बर विधान परिषद सदस्य की शपथ भी ली थी। अब इनको एक सदन से त्यागपत्र देना होगा। इसके पहले भी इस्तीफे की खबरें आती रहीं हैं लेकिन उन्होंने इसका खंडन किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच बार लगातार गोरखपुर के सांसद हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पहली बार फूलपुर से सांसद बने थे। इससे पहले वह सोरांव से विधायक का चुनाव जीते थे।
नई दिल्ली में आज लोकसभा के सदस्य के रूप में अपना त्यागपत्र देने के बाद मुख्यमंत्री दिन में करीब ढाई बजे गोरखपुर रवाना होंगे। वहां पर गोरखपुर यूनिवर्सिटी से निकलकर गोरखनाथ मंदिर पहुंचेंगे। जहां मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलश स्थापना कार्यक्रम में भाग लेंगे। सीएम योगी का यह दौरा दो दिवसीय है। वह गोरखपुर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऋण मोचन कार्यक्रम के लाभार्थी किसानों को प्रमाण पत्र बाँटेंगे। बाटेंगे। सीएम योगी करीब तीन बजे तक गोरखपुर यूनिवर्सिटी में ही मौजूद रहेंगे।
इसके पहले योगी आदित्यनाथ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं। वर्ष 2014 में योगी गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से पांचवीं बार सांसद चुने गए थे। 19 मार्च को मुख्यमंत्री के पद का दायित्व संभालने के बाद चूंकि योगी को पद पर बने रहने के लिए विधानमंडल के दोनों सदनों में से किसी एक का छह माह में सदस्य बनना जरूरी था इसलिए उन्होंने 18 सितंबर को उप्र विधान परिषद की सदस्यता हासिल कर ली।
नियमानुसार कोई भी व्यक्ति दोनों सदनों (लोकसभा व विधान परिषद) का दो सप्ताह से ज्यादा सदस्य नहीं रह सकता इसलिए पहले से ही तय माना जा रहा था कि योगी आदित्यनाथ जल्द ही लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे।


















