कुलदीप बन गए पहले भारतीय स्पिनर

0
264

टीम इंडिया की नई स्पिन सनसनी कुलदीप यादव ने गुरुवार को ईडन गार्डेंस स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में हैट्रिक लेने की उपलब्धि हासिल की। वनडे में यह कीर्तिमान रचने वाले वह पहले भारतीय स्पिनर हैं।

ADVT

भारत की ओर से कुलदीप से पहले वनडे क्रिकेट में सिर्फ दो तेज गेंदबाजों कपिल देव और चेतन शर्मा के नाम ही यह उपलब्धि दर्ज थी। उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मे 22 साल के कुलदीप दूसरे ऐसे गेंदबाज हैं, जिसने ईडन में वनडे में यह मुकाम हासिल किया है। चार जनवरी, 1991 को कपिल ने इसी ऐतिहासिक ग्राउंड में श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप के फाइनल में हैटिक ली थी।

वहीं, चेतन शर्मा ने 1987 के विश्वकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में यह कारनामा किया था। कुलदीप हालांकि एक मामले में दोनों से आगे हैं। ईडन में ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह के नाम भी हैट्रिक दर्ज है, हालांकि भज्जी ने 2000-01 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में लगातार तीन गेंदों में विकेट लिए थे।

कोलकाता में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच में चाइनामैन कुलदीप यादव के हैट्रिक लेते ही यहां उनका पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। पिता राम सिंह और मां ऊषा देवी बेटे की इस उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे थे। खुशी के इस मौके पर परिवार ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

कुलदीप के कोच कपिल पांडे को बधाई देने वालों का तांता भी लगा रहा। कुलदीप को चाइनामैन बनाने में पांडे की अहम भूमिका है। जब कुलदीप वसीम अकरम जैसा तेज गेंदबाज बनने क जिद पकड़े हुए थे। उस समय उनकी गेंदबाजी स्टाइल को बदलने का श्रेय पांडे को ही जाता है। पांडे ने बताया कि शुरुआत से कुलदीप की गेंद पर ग्रिप नहीं बन रही थी जैसे ही गेंद लाइन में आई वैसे ही विकेट निकले और करियर में हैट्रिक जुड़ गई। वहीं, यूपीसीए निदेशक और आइपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने ट्वीट कर कुलदीप को हैट्रिक की बधाई दी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here