नई दिल्ली, प्रेट्र । राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के बेटे शौर्य के एक संगठन को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। एनएसए के बेटे के संगठन के बोर्ड में कुछ केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। विवादों में आए संगठन ने मीडिया रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को खारिज किया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को किए गए ट्वीट में एनएसए के बेटे के संगठन से संबंधित रिपोर्ट को भाजपा की नई शौर्य गाथा कहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंत्रियों को बर्खास्त करने और मामले की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की है।
मीडिया की खबरों में आरोप लगाया गया है कि डोभाल के बेटे के थिंक टैंक इंडिया फाउंडेशन में हितों के टकराव की संभावना है। इसका कारण यह है कि शौर्य डोभाल वित्तीय सेवा फर्म में साझीदार हैं। थिंक टैंक में कुछ वरिष्ठ मंत्री निदेशक के रूप में शामिल हैं। यह संगठन विदेशी और भारतीय कारपोरेट के वित्तीय समर्थन पर टिका है।
इंडिया फाउंडेशन ने चंदा मिलने से इन्कार किया
इंडिया फाउंडेशन ने विदेशी निजी कारपोरेशन या व्यक्तियों से चंदा मिलने से इन्कार किया है। संगठन ने यह भी कहा है कि फाउंडेशन और इसके निदेशकों का घरेलू या विदेशी कंपनियों के निजी या व्यावसायिक हितों से लेनादेना नहीं है। इसके बैठकों का एजेंडा भारत एवं पूर्वोत्तर में संस्कृति, राजनीति और सूक्ष्म आर्थिक वातावरण का विकास होता है।


















