अफगानिस्तान| काबुल के इंटरकांटिनेंटल होटल में शनिवार रात चार आतंकी घुस गए और मेहमानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने होटल के किचन और चौथी मंजिल को आग लगा दी। कुछ लोगों को बंधक बनाए जाने की भी आशंका है। खुफिया एजेंसी नेशनल डायरेक्टरेट ऑफ सिक्योरिटी (एनडीएस) के एक अधिकारी के मुताबिक, हमलावरों के पास छोटे हथियार और ग्रेनेड लॉन्चर हैं। उन्होंने आत्मघाती बेल्ट भी पहनी हुई थी। इस होटल में आमतौर पर बड़े सम्मेलन होते हैं। यहां राजनीतिक शख्सियतों का भी जमावड़ा लगा रहता है। हमला स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे हुआ था।
अफगानिस्तान के गृहमंत्रालय के एक प्रवक्ता नसरत रहमानी के मुताबिक, होटल की तीसरी और चौथी मंजिल पर सुरक्षा बलों की हमलावरों से मुठभेड़ चल रही है। हालिया मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तीन आतंकियों सहित 5 नागरिकों की मौत होने और 6 नागरिकों के घायल होने की खबर सामने आई है। पिछले 12 घंटे से हमलावर और सुरक्षाकर्मियों के बीच मुठभेड़ चल रही थी।
इस हमले को मुंबई के ताज होटल में हुए 26/11 जैसा बताया जा रहा है। इस बीच, होटल के एक कमरे में छिपे मेहमान ने फोन पर बताया कि अंदर गोलीबारी जारी है।
मेहमान ने अपना नाम न बताते हुए कहा कि मुझे नहीं पता कि हमलावर होटल में कहां हैं लेकिन मैं पहले तल पर गोलियों की आवाज सुन रहा हूं। हम कमरे में छिपे हुए हैं। मैं सुरक्षा बलों से प्रार्थना करता हूं कि हमें जल्द से जल्द बचा लें, नहीं तो हमलावर हमें मार देंगे। इस बीच, आतंकवाद रोधी दस्ते के एक अधिकारी ने कहा कि होटल की छत पर धमाके के बाद बिजली काट दी गई है। इस होटल पर 2011 में भी आतंकी हमला हुआ था, तब यहां 21 लोगों की जान चली गई थी।


















