लखनऊ| गांधी जयंती के मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ में शहीद स्मारक से जीपीओ तक पदयात्रा की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रियंका को 11 बजे शहीद स्मारक पहुंचना था पर वो एक बजे पहुंची और शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित करने के बाद यात्रा शुरू की।
जीपीओ पहुंचकर उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा को पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्घांजलि दी। इसके बाद जीपीओ से लखनऊ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस समय कुछ लोग राष्ट्रपिता बनने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि हमारे देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी थे, हैं और रहेंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान वहां के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मोदी भारत के लिए एक राष्ट्रपिता की तरह हैं जो कि सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रहे है। जिस पर काफी विवाद हुआ था। कांग्रेस ने पहले गांधी जयंती पर चिन्मयानंद के खिलाफ व शाहजहांपुर की पीड़ित छात्रा को न्याय दिलाने के लिए आक्रोश रैली करने की घोषणा की थी पर पार्टी की प्रेस रिलीज में इसे लेकर कुछ नहीं कहा गया था।


















