देहरादून| क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के सचिव महिम वर्मा अब बीसीसीआई में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के साथ एक नई पारी शुरू करते नजर आएंगे। सौरव गांगुली जहां बीसीसीआई के अध्यक्ष बनेंगे, वहीं महिम वर्मा का निर्विरोध उपाध्यक्ष बनना तय हो गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा 23 अक्तूबर को होनी है।
साल 2019 उत्तराखंड क्रिकेट के लिए भाग्यशाली रहा है। राज्य बनने के 19वें साल में उत्तराखंड को बीसीसीआई से मान्यता मिली। 13 अगस्त 2019 को बीसीसीआई में सुप्रीम कोर्ट से नियुक्त प्रशासकों की कमेटी (सीओए) ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड को बीसीसीआई के पूर्ण सदस्य के रूप में मान्यता दी। अब दिवाली से पहले क्रिकेट के क्षेत्र में उत्तराखंड को बड़ा तोहफा मिला है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव महिम वर्मा का बीसीसीआई के नए उपाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। 23 अक्तूबर को इसकी आधिकारिक घोषणा होगी।
महिम वर्मा ने सोमवार को मुंबई में उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन किया। वहीं तय समय तक किसी भी अन्य व्यक्ति ने इस पद के लिए नामांकन नहीं किया था। वहीं पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का निर्विरोध भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का नया अध्यक्ष बनना तय है। दरअसल, बीते रविवार को मुंबई में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला, बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन आदि की बैठक हुई।
देर रात तक चली बैठक में उत्तराखंड के प्रतिनिधि महिम वर्मा को उपाध्यक्ष बनाने के लिए राजीव शुक्ला ने प्रस्ताव रखा। इस पर सभी ने अपनी मुहर लगा दी। वहीं महिम वर्मा के बीसीसीआई में उपाध्यक्ष बनने की जानकारी मिलने के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पूर्व सचिव पीसी वर्मा नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बीते देर रात ही मुंबई के लिए रवाना हो गए थे।


















