आकाश ने विश्व मुक्केबाजी में पदार्पण पर जीता कांस्य, सेमीफाइनल में हारे

0
143

नई दिल्ली,  भारत के युवा मुक्केबाज आकाश कुमार सर्बिया के शहर बेलग्रेड में जारी एआईबीए पुरुष विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप 2021 में गुरुवार को सेमीफाइनल मुकाबले में हार गए। कजाकिस्तान के मखमुद सबिरखान के खिलाफ हार झेलने के बावजूद आकाश ने इंटरनेशनल डेब्यू पर कांस्य पदक के साथ अपने सफर का समापन किया।

ADVT

भिवानी के रहने वाले 21 साल के मुक्केबाज ने टूर्नामेंट के 21वें संस्करण में मंगलवार को 54 किग्रा भार वर्ग में एक बड़ा उलटफेर करने के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाते हुए अपने लिए कम से कम कांस्य पदक सुरक्षित किया था। क्वार्टर फाइनल में आकाश ने रियो ओलंपिक के रजत पदक विजेता और वेनेजुएला के पदक के मजबूत दावेदार योएल फिनोल को एकतरफा अंदाज में 5-0 से करारी शिकस्त दी थी।

दूसरी ओर, 20 वर्षीय युवा कजाख स्टार सबिरखान ने ब्राजील के माइकल त्रिनिदादे को पछाड़कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी और अब वह आकाश को 5-0 से हराकर फाइनल में पहुंच गए हैं।

बेशक आकाश का सफर समाप्त हो गया है लेकिन वह दुनिया की इस सबसे बड़ी मुक्केबाजी स्पर्धाओं में से एक में पदक जीतने वाले भारतीय मुक्केबाजों की एक विशिष्ट सूची में शामिल हो गए हैं। आकाश से पहले अमित पंघल (2019 में रजत), विजेंदर सिंह (2009 में कांस्य), विकास कृष्ण (2011 में कांस्य), शिव थापा (2015 में कांस्य), गौरव बिधूड़ी (2017 में कांस्य) और मनीष कौशिक (2019 में कांस्य) ने इससे पहले पुरुष विश्व चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीते थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here