न्यूयॉर्क.यूनाइटेड नेशनल सऊदी अरब की ओर से जारी आतंकवादियों की लिस्ट को मानने से इनकार कर दिया है। इस लिस्ट में कतर की कई मशहूर सोशल ऑर्गेनाइजेशन के नाम भी शामिल हैं। इधर, कतर ने सऊदी अरब और उसके सहयोगियों की आलोचना करते हुए उनकी आतंकी सूची को आधारहीन करार दिया है।
यूएन ने कहा कि सऊदी की ओर से जारी आतंकवादियों की उस लिस्ट को मानने के लिए हम बाध्य नहीं हैं, जिसमें कतर की मशहूर सोशल ऑर्गेनाइजेशन के नाम शामिल हैं। यूएन के महासचिव एंटोनियो गुटेरस के स्पोक्सपर्सन स्टीफन डुजारिक ने कहा कि उन्होंने मीडिया रिपोर्ट्स में देखा है कि चार अरब देशों ने आतंकवादियों की एक लिस्ट जारी की है जिसमें कतर की कई सोशल ऑर्गेनाइजेशन के नाम शामिल हैं।
डुजारिक ने कहा, ”यूनाइटेड नेशन सिर्फ उस प्रतिबंधित लिस्ट को मानने के लिए बाध्य है जिसे सुरक्षा परिषद के सदस्य देश मिलकर जारी करते हैं। इसके अलावा हम किसी भी ऐसी लिस्ट को मानने के लिए बाध्य नहीं हैं।” उन्होंने कहा कि कतर की सबसे बड़ी गैर सरकारी संस्था कतर चैरिटी ने यूएनएचसीआर, यूनीसेफ, ऑक्सफेम, केयर और यूएसएआईडी के साथ काम किया है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), बहरीन और मिस्र ने गुरुवार को कतर की जिन संस्थाओं को ब्लैक लिस्ट में डाला है उनमें शेख थानी बिन अब्दुल्ला फॉर ह्यूमनटेरियन सर्विसेज, शेख ईद अल थानी चैरिटी फाउंडेशन भी शामिल हैं।
इधर, कतर ने सऊदी अरब और उसके सहयोगियों की आलोचना की है और उनकी आतंकियों की लिस्ट को आधारहीन करार दिया है।


















