काठमांडू. चीन अगले दो साल के दौरान नेपाल को उसके विकास कार्यक्रमों तथा उसे जमीनी संपर्क मार्ग से जुड़ा देश बनाने के लिये 56 अरब नेपाली रुपये की सहायता देगा. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शनिवार को इसकी घोषणा की.
शी ने यहां नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी के साथ शनिवार को हुई बातचीत के दौरान यह घोषणा की. वह दो दिवसीय नेपाल यात्रा पर शनिवार को यहां पहुंचे. वह पिछले 23 साल में नेपाल का दौरा करने वाले चीन के पहले राष्ट्र प्रमुख हैं.
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ दो दिवसीय अनौपचारिक शिखर वार्ता के बाद शी जिनपिंग शनिवार को यहां पहुंचे. उन्होंने विद्या देवी के साथ नेपाल के राष्ट्रपति निवास ‘शीतल निवास’ में मुलाकात की. नेपाल के राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच दोस्ताना संबंध, आपसी हित तथा अन्य विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. अधिकारियों ने बताया कि शी ने बातचीत के दौरान नेपाल को अगले दो साल में 3.5 अरब युआन यानी 56 अरब नेपाली रुपये की सहायता देने की पेशकश की. उन्होंने काठमांडू को तातोपानी ट्रांजिट प्वाइंट से जोड़ने वाले अर्निको राजमार्ग को दुरुस्त करने का भी वादा किया. यह राजमार्ग 2015 के भूकंप के बाद बंद है.


















