रेयान इंटरनेशनल में प्रद्युम्न की हत्या के आरोपी अशोक ने सोमवार को कोर्ट में अपने बयान बदल दिए और खुद को निर्दोष बताया। सिर्फ अशोक ही नहीं इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी ने कोर्ट में एक खुलासा किया है जिसके बाद से पुलिस की परेशानी और बढ़ गई है।
प्रद्युम्न हत्याकांड मामले में सोमवार को कोर्ट में अशोक के साथ-साथ फ्रासिंस और जेएस थॉमस को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेश होने के बाद जेएस थॉमस ने जज को बताया कि वह स्कूल का एचआर हैड नहीं है। वह तो सिर्फ अकाउंटेट है। जेएस थॉमस के वकील ने बताया कि आरोपी स्कूल में वेतन बांटने का काम करता है। कोर्ट में स्कूल की ओर से दिए गए नियुक्ति पत्र को भी जज को दिया गया।
वहीं इस मामले में अभी तक पुलिस अशोक को हत्यारा मान कर जांच पूरी करने का दावा कर रही थी। लेकिन अशोक ने कोर्ट में बयान बदल दिए हैं। अशोक के वकील मोहित वर्मा ने बताया कि अतिरिक्त सेशन जज रजनी यादव की कोर्ट में पुलिस ने अशोक को दोपहर 1:45 बजे पेश किया। उसके बाद अशोक ने पेश होते ही जज के सामने अपने आप को निर्दोष बताया है। अशोक ने कहा कि मुझे पुलिस ने फंसाया है और हत्या का जुर्म कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया। इस पर जज ने कहा ठीक है। उसके बाद अशोक को 29 सिंतबर तक जेल भेज दिया है। वकील मोहित वर्मा ने कहा कि अशोक निर्दोष है और पुलिस जबरदस्ती उसको फंसाने के लिए दबाव बना रही है।
अदालत ने तीनों अरोपियों को 28 सिंतबर तक भेजा जेल
प्रद्युम्न हत्याकांड मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को दोपहर बाद गुरुग्राम की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट से तीनों आरोपियों को 28 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है। वहीं फ्रासिंस थॉमस और जेएम थॉमस ने जमानत की अर्जी लगाई गई थी। जिससें एडिशनल जिला एवं सत्र न्यायधीश रजनी यादव ने खारिज करते हुए दोनों को 28 सितंबर तक जेल भेज दिया गया। जबकि अशोक के वकील मोहित वर्मा ने उनका केस लड़ने के लिए कोर्ट में वकालत नामा दिया गया। जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। अब 29 सितंबर को तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अलग पुलिस वैन में आए तीनों
तीनों आरोपियों को पुलिस जेल से सुबह 9:30 बजे कोर्ट लेकर पहुंच गई थी। अशोक को अलग वैन में तो फ्रासिंस थॉमस और जेएस थॉमस को दूसरी वैन में लेकर आई थी। पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। तीनों को पुलिस ने भारी सुरक्षा बल के साथ दो बार कोर्ट में पेश किया ।
चार बार कोर्ट में पेश हुए आरोपी
सुबह 10:45 बजे तीनों आरोपी को कोर्ट में पेश किया
दोपहर 01:45 बजे आरोपियों को पेश किया गया
शाम 03:30 पुलिस कोर्ट में पेश हुई
शाम 04:45 बजे जमानत याचिका पर सुनवाई शुरू हुई।


















