फर्जी आईडी पर दिल्ली में रह रहा पाकिस्तानी आतंकवादी गिरफ्तार, एके-47, हथगोले बरामद

0
148

नयी दिल्ली,दिल्ली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पहचान पत्र बनाकर यहां रह रहे एक पाकिस्तानी आतंकवादी को एके-47 और हथगोले के साथ गिरफ्तार किया है।

ADVT

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने नाम बदलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर यहां का पहचान पत्र हासिल किया था। वह भारतीय नागरिक की तरह रह रहा था।

दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा के उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को ‘यूनीवार्ता को बताया कि गिरफ्तार आतंकवादी का नाम मोहम्मद अशरफ उर्फ अली है। वह मूल रूप से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का निवासी है। उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ‘अली अहमद नूर’ के नाम से यहां का पहचान पत्र हासिल किया था और दिल्ली के शास्त्री नगर कॉलोनी में रह रहा था।

दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने खुफिया सूचना के आधार पर उसे यमुना पार के लक्ष्मी नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

श्री कुशवाहा ने बताया कि अभियुक्त की तलाशी ली गयी तो उसके पास से हथियार बरामद किए गए। उसकी निशानदेही पर हथगोले और एके-47 जैसे घातक हथियार तथा भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए।

शुरुआती पूछताछ में अशरफ ने बताया कि वह नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था। वह त्योहारों के दौरान किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में यहां आया था।

श्री कुशवाहा ने बताया कि अशरफ के खिलाफ यूएपीए, आर्म्स एक्ट समेत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। गिरफ्तार आतंकवादी से पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here