रेयान इंटरनेशनल मामले में प्रद्युम्न की हत्या के आरोपी अशोक ने बयान बदल दिए हैं। स्पेशल कोर्ट में सोमवार को बयान बदलते हुए खुद को निर्दोष बताया है। जिसके बाद अब पुलिस की परेशानी बढ़ती जा रही है और मामला पेचीदा हो गया।
प्रद्युम्न हत्याकांड मामले में नया मोड आ गया है। अभी तक पुलिस अशोक को हत्यारा मान कर जांच पूरी करने का दावा कर रही थी। लेकिन अशोक ने कोर्ट में बयान बदल दिए हैं। अशोक के वकील मोहित वर्मा ने बताया कि अतिरिक्त सेशन जज रजनी यादव की कोर्ट में पुलिस ने अशोक को दोपहर 1:45 बजे पेश किया। उसके बाद अशोक ने पेश होते ही जज के सामने अपने आप को निर्दोष बताया है। अशोक ने कहा कि मुझे पुलिस ने फंसाया है और हत्या का जुर्म कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया। इस पर जज ने कहा ठीक है। उसके बाद अशोक को 29 सिंतबर तक जेल भेज दिया है। वकील मोहित वर्मा ने कहा कि अशोक निर्दोष है और पुलिस जबरदस्ती उसको फंसाने के लिए दबाव बना रही है।
जेएस थॉमस ने कहा ”एचआर हैड नहीं हूं”
सोमवार को कोर्ट में अशोक के साथ-साथ फ्रासिंस और जेएस थॉमस को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेश होने के बाद जेएस थॉमस ने जज को बताया कि वह स्कूल का एचआर हैड नहीं है। वह तो सिर्फ अकाउंटेट है। जेएस थॉमस के वकील ने बताया कि आरोपी स्कूल में वेतन बांटने का काम करता है। कोर्ट में स्कूल की ओर से दिए गए नियुक्ति पत्र को भी जज को दिया गया।


















