भारत, म्यांमार से भागकर बांग्लादेश पहुंचे रोहिंग्या मुसलमानों के लिए गुरुवार को मानवीय सहायता भेजेगा. नई दिल्ली में बांग्लादेश के उच्चायुक्त सैयद मुअज्जम अली ने पिछले हफ्ते भारतीय विदेश सचिव एस जयशंकर से मुलाकात की थी और रोहिंग्या के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की थी.
भारतीय उच्चायोग के एक अधिकारी ने बताया, ‘भारतीय विमान कल मानवीय सहायता की पहली खेप लेकर पहुंचेगा. ये विमान दिन में 11 बजे चटगांव में उतरेगा.’ भारतीय उच्चायुक्त हर्षवर्धन श्रृंगला राहत सामाग्री बांग्लादेश के सड़क परिवहन मंत्री ओबैदुल कादिर के सुपुर्द करेंगे.
संयुक्त राष्ट्र के आकलन के अनुसार म्यांमार की सेना की ओर से रखाइन प्रांत में 25 अगस्त से चलाए जा रहे अभियान में 1,000 से अधिक लोग मारे गए हैं.
इससे पहले रोहिंग्या मुसलमानों के कथित उत्पीड़न के खिलाफ अलग-अलग तबके के करीब तीन-चार सौ लोगों ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित म्यांमार दूतावास के बाहर प्रदर्शन किया.
पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे प्रदर्शनकारी दूतावास के बाहर जमा हुए. उन्होंने नारेबाजी की और भाषण दिए.


















