Home Breaking युवा आंदोलन पर बोले राजनाथ सिंह और अमित शाह

युवा आंदोलन पर बोले राजनाथ सिंह और अमित शाह

0
273

नयी दिल्ली, अग्निपथ योजना के विरोध में देशभर में युवाओं के आंदोलनों के उग्र रूप लेने के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने युवाओं का आह्वान किया है कि कोरोना महामारी के कारण भर्ती से वंचित रहे युवा जल्द शुरू की जाने वाली इस योजना का लाभ उठाने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दें।

ADVT

रक्षा मंत्री और गृह मंत्री ने ट्विटर पर अपने संदेशों में देश के युवाओं से आह्वान किया है कि अग्निपथ योजना में भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा में इस वर्ष 2 वर्ष की छूट दी गई है और युवाओं को इस योजना का लाभ उठाना चाहिए।

राजनाथ सिंह ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी को युवाओं के भविष्य की चिंता करने और उनके प्रति संवेदनशीलता के लिए हृदय से धन्यवाद करता हूँ। मैं युवाओं से अपील करता हूँ कि सेना में भर्ती की प्रक्रिया कुछ ही दिनों में प्रारम्भ होने जा रही है। वे इसके लिए अपनी तैयारी शुरू करें।’

उन्होंने कहा, ‘युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर सरकार ने अग्निवीरों को भर्ती की आयु सीमा को इस बार 21 वर्ष से बढ़ा कर 23 वर्ष कर दी है। यह एक बार के लिए छूट दी गई है। इससे बहुत सारे युवाओं को अग्निवीर बनने की पात्रता प्राप्त हो जाएगी। केंद्र सरकार द्वारा घोषित की गई ‘अग्निपथ योजना’ भारत के युवाओं को देश की रक्षा व्यवस्था से जुड़ने और देश सेवा करने का सुनहरा अवसर है। पिछले दो वर्षों से सेना में भर्ती की प्रक्रिया नहीं होने के कारण बहुत से युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर नहीं मिल सका था।’

अमित शाह ने भी अधिकतम आयु सीमा में छूट देने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा, “पिछले दो वर्ष कोरोना महामारी के कारण सेना में भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हुई थी, इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘अग्निपथ योजना’ में उन युवाओं की चिंता करते हुए पहले वर्ष उम्र सीमा में दो वर्ष की रियायत देकर अधिकतम प्रवेश आयु 21 साल से 23 साल करने का संवेदनशील निर्णय लिया है।”

उन्होंने कहा , “इस निर्णय से बड़ी संख्या में युवा लाभान्वित होंगे और अग्निपथ योजना के माध्यम से देशसेवा व अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ेंगे। इसके लिए नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूँ।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here